जरा कल्पना कीजिए उन दिनों की, जब सुबह उठते ही चिड़ियों की चहचहाहट कानों में पड़ती थी। घर के आँगन और छतों पर तथा आसपास के पेड़-पौधों पर विभिन्न रंगों एवं विभिन्न आकारों के पक्षी दिखाई पड़ते थे। खुले आसमान में तीव्र गति से तथा पूर्ण स्वतंत्रता के साथ उड़ते हुए पक्षियों को देखकर मन प्रफुल्लित हो उठता था। उन दिनों मयूर को घर के आँगन में टहलते देखना, चिड़ियों को घर की छतों पर देखना और पास के पेड़ पर बैठी कोयल की मधुर वाणी सुनना ये सब आम बातें थीं।
पर जरा सोचकर देखिए, कितने लोग अपने घर की छतों पर आज भी मयूर को टहलते हुए देखते हैं? मेरे हिसाब से, सामान्यतः गाँवों में रहने वाले लोगों को छोड़कर अन्य लोगों के लिए ये दृश्य कभी-कभार ही देखने को मिलते हैं। इसे यूँ भी कह सकते हैं कि बहुत से लोग अब ऐसे दृश्य शायद ही कभी देख पाते हैं। हम आज ऐसे शहरों में रहते हैं, जहाँ बड़ी-बड़ी और ऊँची-ऊँची इमारतें हैं। पाँच मंज़िल, दस मंज़िल, पचास मंज़िल और कुछ तो सौ मंज़िल तक पहुँच जाती हैं। हमारे आसपास आलीशान बंगले हैं, चौड़ी-चौड़ी सड़कें हैं, बड़ी-बड़ी दुकानें हैं। बहुत-सी सुविधाएँ हमें आसानी से मिल जाती हैं। कहने का तात्पर्य यह है कि विकास बहुत हुआ है और होना भी चाहिए, पर कहीं न कहीं हमने विकास की इस दौड़ में खुले आसमान में घूमने वाले पक्षियों को भी खोया है। आसमान के इन रखवालों को आखिर क्यों बेघर कर रहा है इंसान
अब पक्षियों का इंसानों से दूर होने का कारण केवल विकास नहीं है, बल्कि इसके कई अन्य कारण भी हैं, जैसे प्रदूषण। जरा सोचिए, वर्तमान में कुछ शहर ऐसे हैं, जहाँ मनुष्यों को भी साँस लेने में तकलीफ होती है। वहाँ पक्षियों की स्थिति की कल्पना करना भी मुश्किल है। हम आजकल इतना प्रदूषण करते जा रहे हैं कि धीरे-धीरे हमारे आसपास के क्षेत्र धुएँ का गुबार बनते जा रहे हैं। वाहनों से निकलने वाला धुआँ, कारखानों और फैक्ट्रियों से निकलने वाला धुआँ—इन सबके कारण वायु प्रदूषण इतना बढ़ गया है कि पक्षियों का वहाँ रहना मुश्किल हो गया है। और हम केवल वायु प्रदूषण तक ही सीमित नहीं रहे, बल्कि हमने ध्वनि प्रदूषण भी जमकर किया, पेड़ों की कटाई भी अंधाधुंध की और रसायनों का प्रयोग तो इतना किया कि कहने ही क्या! ऐसे ही दो-चार नहीं, बल्कि बहुत से कारणों से मनुष्य और पक्षी एक-दूसरे से दूर होते जा रहे हैं।
अक्सर इंसान पक्षियों को केवल सुबह की चहचहाहट और आसमान में उड़ते सुंदर जीवों के रूप में देखता है, लेकिन प्रकृति में उनकी भूमिका का इससे कहीं अधिक महत्व है। पक्षी सिर्फ प्रकृति की एक अनमोल कृति ही नहीं, बल्कि प्रकृति की रक्षा करने वाली ढाल भी हैं। उदाहरण के लिए, अनेक ऐसे कीट होते हैं, जो फसलों को खाकर उन्हें नष्ट कर देते हैं। पक्षी उन कीटों को खाकर फसलों की रक्षा करने में सहायता करते हैं। इतना ही नहीं, ये पक्षी फलों को खाकर उनके बीज दूसरी जगहों तक पहुँचाते हैं। इससे नए पौधे उगने और जंगलों के विस्तार में मदद मिलती है।
यही पक्षी पर्यावरण की सफाई में भी योगदान देते हैं। गिद्ध जैसे पक्षी मृत जीवों को खाते हैं, जिससे प्राकृतिक रूप से मृत जीवों के अवशेषों का निपटान हो जाता है। कुछ पक्षी फूलों का रस पीते समय परागकणों को एक फूल से दूसरे फूल तक पहुँचाते हैं। इससे पौधों के प्रजनन में सहायता मिलती है। और तो और, पक्षी स्वयं भी दूसरे जीवों का भोजन बनते हैं और कई जीवों को खाते भी हैं। इस प्रकार वे पारिस्थितिकी तंत्र का संतुलन बनाए रखने में योगदान देते हैं। कहने का तात्पर्य यह है कि यदि पक्षियों को कोई नुकसान पहुँचता है, तो उसके परिणाम हमें गंभीर प्राकृतिक समस्याओं के रूप में देखने को मिल सकते हैं।
क्या वायु प्रदूषण, ध्वनि प्रदूषण, बढ़ता शहरीकरण, जल स्रोतों की कमी, पेड़ों की अंधाधुंध कटाई और रसायनों के अत्यधिक उपयोग जैसे कारणों से दूर हुए पक्षियों को हम फिर से अपने पास नहीं ला सकते? ला सकते हैं, बिल्कुल ला सकते हैं। हम अपने छोटे-बड़े प्रयासों से पक्षियों को फिर से पहले की तरह अपने आसपास देख सकते हैं। इसके लिए हमें गर्मियों में अपनी छतों पर परिंडे बाँधने होंगे और पक्षियों के लिए खाने-पीने की उचित व्यवस्था करनी होगी। जल प्रदूषण, वायु प्रदूषण और ध्वनि प्रदूषण को कम करना होगा। पेड़ों की अंधाधुंध कटाई पर रोक लगानी होगी और रसायनों के प्रयोग की सीमा निश्चित करनी होगी। साथ ही, हमें अपने घरों के आसपास रूई जैसी सामग्रियाँ भी रखनी होंगी, जिससे पक्षी अपने घोंसले बना सकें।
तो क्या हमें विकास को भी रोकना होगा? नहीं, हमें विकास को रोकने की कोई आवश्यकता नहीं है, बल्कि हमें पक्षियों को ध्यान में रखते हुए विकास करने के विकल्प अपनाने की आवश्यकता है। जहाँ आवश्यकता न हो, वहाँ विकास के नाम पर पेड़ों की अनावश्यक कटाई नहीं करनी चाहिए। यदि किसी पेड़ को हटाना आवश्यक हो, तो उसे दूसरी जगह प्रत्यारोपित भी किया जा सकता है। भविष्य में होने वाले शहरीकरण की बनावट ऐसी होनी चाहिए कि पेड़-पौधों और पक्षियों को कोई नुकसान न पहुँचे।
आसमान किसी एक का नहीं है। उसमें उड़ने का अधिकार उन पक्षियों का भी है, जो सदियों से प्रकृति का हिस्सा बने हुए हैं। हमें यह समझना होगा कि विकास का अर्थ केवल अपने लिए सुविधाएँ जुटाना नहीं, बल्कि अपने आसपास के जीव-जंतुओं के अस्तित्व को सुरक्षित रखना भी है। यदि हम चाहते हैं कि आने वाली पीढ़ियाँ भी सुबह पक्षियों की चहचहाहट सुनें, तो उनके आश्रय स्थलों को बचाने की शुरुआत आज ही करनी होगी।
जेनुल आबेदीन
